लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में सोमवार रात हुए छात्रों के प्रदर्शन और हंगामे के बाद मंगलवार को भी माहौल तनावपूर्ण रहा। दूसरे दिन भी छात्रों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी दिखाई दी। छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना अनुमति हॉस्टल में घुसकर एक छात्र को हिरासत में लिया, जिससे रातभर अफरातफरी मची रही।
छात्र प्रदीप, शिवम, अतुल और अजय वर्मा ने कहा कि पुलिस को पहले विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना देनी चाहिए थी। उन्होंने मांग की कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। इसके लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
मंगलवार को संभावित विरोध को देखते हुए परिसर में पूरे दिन पुलिस तैनात रही। उधर, विश्वविद्यालय की अनुशासन समिति ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सोमवार रात हसनगंज पुलिस ने लाल बहादुर शास्त्री छात्रावास से पीएचडी छात्र अमन दुबे को हिरासत में लिया था। सूचना मिलते ही अन्य छात्र बाहर निकल आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात पुलिस ने अमन दुबे को छोड़ दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ था।
एफआईआर की कॉपी अब तक नहीं सौंपी पुलिस ने
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि अब तक पुलिस ने एफआईआर की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई है। अधिकारियों ने दावा किया था कि अमन दुबे के खिलाफ मामला दर्ज है।
आईडी जांच में पकड़े गए बाहरी छात्र प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने मंगलवार को पूरे कैंपस में जांच अभियान चलाया। छात्रों के आईडी कार्ड जांचे गए, जिसमें कई बाहरी छात्र पाए गए। उन्हें चेतावनी देकर परिसर से बाहर किया गया।
निलंबित छात्रों की सूची गेट पर चस्पा होगी प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी ने बताया कि अब तक जिन छात्रों को विभिन्न मामलों में निलंबित किया गया है, उनकी सूची बुधवार को विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर चस्पा की जाएगी ताकि उन्हें प्रवेश से रोका जा सके।
कोट
छात्रों की मांग पर अनुशासन समिति जांच कर रही है। जानकारी मिली है कि पुलिस ने छात्र को छात्रावास से नहीं बल्कि विश्वविद्यालय परिसर में बने मंदिर के पास से पूछताछ के लिए पकड़ा था। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रो. राकेश द्विवेदी, प्रॉक्टर, लखनऊ विश्वविद्यालय
प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने मंगलवार को कैंपस में जांच अभियान चलाया। स्रोत ः विवि
प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम ने मंगलवार को कैंपस में जांच अभियान चलाया। स्रोत ः विवि