लविवि के छात्रों को अब पढ़ाई के साथ-साथ एक सेमेस्टर के लिए इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा। इससे पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रों को रोजगार तलाशने में काफी आसानी होगी। कर्मोदय योजना के तहत छात्रों को यह अवसर दिया जाएगा। जल्द ही इस योजना में चयनित होने वाले छात्रों की पहली सूची जारी की जाएगी। आवेदन मांगे जा चुके हैं और चयन के लिए कमेटी का अनुमोदन भी हो चुका है।
लविवि ने कर्मयोगी छात्रवृत्ति योजना की शुरूआत की है। इसके अंतर्गत छात्रों को पढ़ाई के साथ छात्रवृत्ति दी जा रही है। अब विवि कर्मोदय योजना की शुरुआत करने जा रहा है। इसमें छात्र को पढ़ाई के साथ अंतिम वर्ष में एक सेमेस्टर के लिए इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा। जब छात्र रोजगार की तलाश करेंगे तो उनके पास डिग्री के साथ कार्यअनुभव भी होगा। पहले इस योजना में सिर्फ 50 दिन की इंटर्नशिप करने का ही प्रावधान था।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि कई कंपनियां रोजगार देते वक्त छह महीने का कार्यअनुभव मांगती हैं। इसको ध्यान में रखते हुए इस योजना की शुरुआत की जा रही है। अब 50 दिन के बजाय छह महीने की इंटर्नशिप कराएंगे। इसके लिए नियम में बदलाव कर दिया गया है। कर्मोदय योजना के अंतर्गत चयनित छात्रों की सूची जल्द ही जारी होगी। चयन के लिए कमेटी का अनुमोदन हो गया है। योजना में 100 से ज्यादा छात्र आवेदन कर चुके हैं। चयन उनका ही होगा जो 60 प्रतिशत अंक की अर्हता रखते हैं। छात्रों के कौशल के अनुसार इंटर्नशिप का मौका मिलेगा।