बीएड प्रवेश परीक्षा और लखनऊ विश्वविद्यालय की स्नातक परीक्षाओं की तिथियों में टकराव होने के बाद विवि ने दो व तीन मई को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। अभी विवि ने इन परीक्षाओं की नई तारीखों का एलान नहीं किया है।
बीएड की प्रवेश परीक्षा तीन मई को निर्धारित है।लखनऊ विवि में स्नातक सोशल वर्क और मैथ्स की तृतीय वर्ष की परीक्षा और बीएड की प्रवेश परीक्षा तीन मई को एक साथ पड़ रही थी, जिसके कारण हजारों विद्यार्थियों के सामने संकट खड़ा हो गया था कि वह स्नातक की परीक्षा में शामिल हों या बीएड की।
लविवि ने इन परीक्षार्थियों को राहत देते हुए दो और तीन मई को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया। विवि के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है।
हालांकि विवि ने स्थगित की गई परीक्षाओं की नई तारीख अभी जारी नहीं की है। जल्द ही नई तिथियों की घोषणा की जाएगी। गौरतलब है कि स्नातक के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भी बीएड संयुक्त परीक्षा में शामिल होने का फैसला कोर्ट ने दिया था।