उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की लखनऊ से कटड़ा के बीच साप्ताहिक बस सेवा शनिवार से शुरू हो गई। आलमबाग टर्मिनल से 15 सवारियों को लेकर एसी बस रवाना हुई। इसमें एक सवारी माता वैष्णो देवी के दर्शन को गई है।
अवध डिपो की सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आम्बरीन अख्तर के मुताबिक जनरथ सेवा की एसी बस दोपहर 1:30 बजे कटरा को निकली। 15 यात्रियों में 12 दिल्ली के, दो आगरा के और एक लखनऊ का था।
गौरतलब हो कि प्रत्येक सप्ताह के शनिवार दोपहर डेढ़ बजे आलमबाग बस टर्मिनल से एसी जनरथ बस चलकर रविवार दोपहर 12 बजे कटरा पहुंचेगी। वहां से रविवार शाम 7 बजे बस चलकर सोमवार शाम 5 बजे आलमबाग पहुंचेगी।
लखनऊ से कटरा तक की 1,168 किमी की दूरी लगभग 22 घंटे में पूरी होगी। एक यात्री का लखनऊ से कटरा का किराया 1,897 रुपये है। बस आगरा एक्सप्रेस-वे, कुबेरपुर, कश्मीरी गेट दिल्ली के रास्ते कटरा पहुंचेगी।