रायबरेली रोड स्थित सरस्वतीपुरम के तुलसी पार्क में सोमवार देर रात ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। रात करीब 12 बजे बजे घटना के बाद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही पार्क में पड़ी मौरंग डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास झाड़ियां उग आने से शॉर्ट सर्किट की आशंका बनी रहती है। आग के कारण एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रोक दी गई, जिससे सरस्वतीपुरम में करीब ढाई घंटे तक बिजली बाधित रही। वहीं श्री कृष्णा विहार, पाठकपुरम और हैवत मऊ मवैया में भी लगभग एक घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। एफएसओ पीजीआई मामचंद बड़गूजर ने बताया कि सूचना मिलते ही एक दमकल की गाड़ी मौके पर भेजी गई थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
छका रहा प्रीपेड मीटर: बिजली संकट से जूझ रहे उपभोक्तओं ने बताया कि जब से प्रीपेड मीटर लगा है परेशानी बढ़ गई है। पारा क्षेत्र के निवासी उपभोक्ता अब्दुल, सोमेश वर्मा, अनिल कुमार, जितेंद्र कुमार , राजरानी ने बताया कि उनकी बिना सहमति के प्रीपेड मीटर लगाए गए हैं। उन्हें इन मीटरों का सिस्टम भी समझ नहीं आ रहा है। बिल भी ज्यादा आ रहा और बिजली सकंट से भी जूझना पड़ रहा है।