एसटीएफ ने बुधवार को भारत स्काउट गाईड की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपियों के पास से कई कॉल लेटर, संस्थान का लेटर पैड, मुहर, अशोक स्तम्भ छपा हुआ सादा कागज सहित कई सामान बरामद किया है। गिरोह के खिलाफ आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने वहीं से जेल भेजा है।
डिप्टी एसपी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक आलमबाग थाने में भारत स्काउट गाईड के समानांतर संचालित होने वाली नेशनल स्काउट गाईड के नाम से फर्जी वेबसाइट व संस्था बनाकर ट्रेनिंग दी जा रही थी। जिसके नाम पर सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी का कारोबार किया जा रहा था। इस गिरोह के खिलाफ आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज था। एसटीएफ के एडीजी के निर्देश पर टीम ने बुधवार को दो आरोपियों को यूथ हॉस्टल आनंदनगर बरहारोड आलमबाग से दबोचा गया है। पकड़े गये आरोपियों में नित्यप्रिय मौया और श्याम बाबू मौर्या शामिल है।
नित्यप्रिय कानपुर पनकी के कालिंदी नगर और श्याम बाबू फर्रूखाबाद के नगला मसेनी का रहने वाला है। टीम ने दोनों के पास से 11 कॉल लेटर, एक लेटर पैड, दो चेकबुक, दो मुहर, 6 अशोक स्तम्भ छपा हुआ कागज, तीन मोबाइल, 40 स्काउट वर्दी स्कार्फ, 30 प्लास्टिक स्कार्फ बैंड, 4 ब्लू कैप, 6 सीटी डोरी, 6 स्टार, दो कैप, 12 एनएसजी बैच, 10 बेल्ट, 4 ग्रे रंग की शर्ट, एक पैंट, एक पैनकार्ड, दो मतदाता पहचाना पत्र और नकदी बरामद किया है।
डिस्ट्रिक्ट कॉडिनेटर के लिए वसूलते थे डेढ़ लाख
डिप्टी एसपी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक यह गिरोह नेशनल स्काउट गाईड की फर्जी वेबसाइट बनाकर डिस्ट्रिक्ट कॉडिनेटर के पद की भर्ती निकालता था। इसके लिए आवेदकों से डेढ़ लाख रुपये की मांग करता था। चयन होने की बात कहकर उनको लखनऊ बुलाकार यूथ हॉस्टल आनंदनगर में ही बनाए गये ट्रेनिंग सेंटर पर प्रशिक्षण दिया जाता था। इसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र देकर भेज दिया जाता था। इस गिरोह के खिलाफ हुसैनगंज और आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज है।