जानकीपुरम इलाके के सुल्तानपुर गांव में मंगलवार की रात को एसटीएफ की टीम ने छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान उन्होंने ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी कोरोना मरीज के तीमारदारों को ऑक्सीजन ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। एसटीएफ टीम ने उनके कब्जे से छोटे-बड़े मिलाकर 40 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 800 रुपये नकद और मेडिसिन हॉस्पिटल के कूट रचित ऑक्सीजन मांग पत्र के साथ ही 1 वाहन भी बरामद किया गया है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक जानकीपुरम बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक आरोपी सुल्तानपुर गांव में यदुवंशी रिफिलिंग स्टेशन के नाम से दुकान चलाते थे। दुकान से सिलेंडर रिफिलकर अस्पताल में सप्लाई करते थे। दोनों कोरोना मरीज के तीमारदारों से इसके बदले में अधिक दाम लिया करते थे। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।