कलानिधि नैथानी लखनऊ के नए एसएसपी होंगे। शनिवार देर शाम इसकी घोषणा कर दी गई। इसके साथ ही चार अन्य जिलों के भी कप्तान बदल दिए गए है। कलानिधि नैथानी अभी तक बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर थे। वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय में हुए बवाल के बाद हटाए गए दीपक कुमार को 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद में सेनानायक के पद पर भेजा गया है।
इसके अलावा फिरोजाबाद के पुलिस अधीक्षक राहुल यादवेंद्र को सेनानायक, द्वितीय वाहिनी पीएसी, सीतापुर भेजा गया है। मुनिराज जी पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षण एंव सुरक्षा, उत्तर प्रदेश लखनऊ को बरेली के पुलिस अधीक्षक पद पर तैनाती दी गई है।
भदोही के पुलिस अधीक्षक रहे सचिन्द्र पटेल को फिरोजाबाद पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है। सेनानायक, द्वितीय वाहिनी पीएसी सीतापुर रहे राजेश एस को भदोही के पुलिस अधीक्षक पद पर भेजा गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में बढ़ रहे आपराधिक मामलों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार देर रात प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह व प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार के साथ बैठक की थी जिसमें उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा था कि जो अफसर अपराधियों पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। उन्हें हटा दिया जाए। कहा जा रहा है कि इसके बाद ही प्रशासनिक फेरबदल का फैसला लिया गया है।