अस्पताल में भर्ती डीएफओ व उनके स्वास्थ्य के बारे में डीएम को जानकारी देते डॉक्टर।
- फोटो : amar ujala
सुल्तानपुर में वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान शनिवार दोपहर पर्यावरण पार्क स्थित स्मृति उपवन में डीएफओ एसएस पांडेय अचानक गश खाकर गिर पड़े। डीएफओ के बेहोश होने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग सकते में आ गए। कार्यक्रम में उपस्थित डीएम विवेक उन्हें बेहोशी की हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
दरअसल, शहर के पर्यावरण पार्क स्थित स्मृति उपवन में शनिवार सुबह वन विभाग की ओर से वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विवेक की मौजूदगी में करीब 11 बजे पौधरोपण कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान डीएफओ एसएस पांडेय की अचानक तबीयत खराब हो गई। वे गश खाकर गिर पड़े।
डीएफओ के बेहोश होने से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद जिलाधिकारी व अन्य लोग सकते में आ गए। डीएम विवेक आनन-फानन में डीएफओ को अपने वाहन से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी के नेतृत्व में चिकित्सकों ने डीएफओ का परीक्षण किया।
बताया गया कि काफी देर तक भूखे पेट रहने व तेज धूप लगने से डीएफओ को चक्कर आ गया। इससे वे बेहोश हो गए। सूचना पर उनके परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे। हालत में सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।