सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण मिल गया है। इसके लिए उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या के महासचिव चंपत राय को धन्यवाद देते हुए कहा है कि वे प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सपरिवार दर्शनार्थी बनकर अयोध्या आएंगे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के स्नेह निमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया और समारोह के सकुशल संपन्न होने के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
उधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को रामलला के नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रख्यात मूर्ति शिल्पकार राम वी सुतार व चित्रकार वासुदेव कामत भी समारोह के खास मेहमान होंगे। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक न्यासी ने बताया कि दिल्ली में ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल, विहिप के केंद्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार व मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राष्ट्रपति को समारोह के लिए आमंत्रित किया।
उप राष्ट्रपति को राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष ने निमंत्रण पत्र सौंपा। संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत को पहले ही आमंत्रण पत्र दिया जा चुका है। प्रख्यात मूर्ति शिल्पकार पद्मभूषण राम वी. सुतार ने ही विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनाई है। अयोध्या के लिए भी इनका खास योगदान है। सुतार ने लता मंगेशकर चौक में स्थापित वीणा का भी निर्माण किया है।
नए और भव्य मंदिर में स्थापित की जाने वाली रामलला की अचल मूर्ति की डिजाइन बनाने वाले प्रसिद्ध चित्रकार वासुदेव कामत भी समारोह का हिस्सा होंगे। पद्मभूषण कामत की ओर से नई मूर्ति के लिए बनाया गया रामलला का चित्र ट्रस्ट को सबसे ज्यादा पसंद आया था। इसी तरह जाने-माने पंजाबी गायक गुरदास नान को ट्रस्ट ने समारोह में बुलाया है।
केशव और पाठक को मिला निमंत्रण
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिला है। शनिवार को आरएसएस के प्रतिनिधि मंडल ने केशव मौर्य और पाठक के सरकारी आवास पर पहुंचकर उन्हें निमंत्रण पत्र दिया। उल्लेखनीय है कि मौर्य और पाठक रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों में सक्रिय हैं।
निमंत्रण मिला लेकिन जाना तय नहीं : कटियार
भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद विनय कटियार को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिला है। राम मंदिर आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाने के फलस्वरूप रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उन्हें भी आमंत्रित किया है। हालांकि अभी उन्होंने समारोह में जाना तय नहीं किया है। इसके पीछे स्वास्थ्य को कारण बताया है।