- विभूतिखंड, बीकेटी और मड़ियांव की घटना
- पीड़ितों ने थानों में दर्ज कराया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। चोरों ने दो बंद मकानों और टाइल्स शोरूम से लाखों रुपये और जेवर चुरा लिए। पीड़ितों ने विभूतिखंड, बीकेटी और मड़ियांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई हैं।
विभूतिखंड के विक्रांत खंड निवासी अशोक कुमार गुप्ता के मुताबिक 26 जुलाई को वह गोरखपुर गए थे। उसी दिन दोपहर 3:30 बजे चोर खिड़की की ग्रिल और शीशा तोड़कर मकान में दाखिल हो गए। आरोपियों ने एक लाख रुपये और जेवर चुरा ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने विभूतिखंड थाने में शिकायत की। उधर, चोरों ने बीकेटी के राजापुर इंदौरा निवासी मुकेश के मकान से बुधवार रात 11 बजे लाखों के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित को घटना की जानकारी बृहस्पतिवार सुबह हुई। इसके अलावा मड़ियांव के आईआईएम रोड निवासी हर्षिता यादव के टाइल्स शोरूम से ठाकुरगंज के बरी रोड निवासी कर्मी पुष्पेंद्र कुमार सिंह ने तीन लाख रुपये चुरा लिए। आरोपी काम छोड़कर भाग निकला। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षकों के मुताबिक सभी मामलों में केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।