टैक्सी में चलती पकड़ी गईं 133 गाड़ियां, जुर्माना भरने के बाद छुड़ा सकेंगे वाहन स्वामी
एयरपोर्ट पर 17 से 20 नवंबर तक चला अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। परिवहन में विभाग में निजी कार के तौर पर पंजीकृत 133 गाड़ियां व्यावसयिक काम करती पकड़ी गई हैं। यह सभी गाड़ियां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 17 से 20 नवंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में पकड़ी गईं हैं। इनमें 69 को सीज कर थाने में जमा कर दिया गया और बाकी का चालान कर जुर्माना जमा कराया जा रहा है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रभात पांडेय ने बताया कि शासन की ओर निर्देश दिए गए थे कि एयरपोर्ट पर ऐसी निजी गाड़ियों को चिन्हित कर अभियान चलाया जाए जिनका व्यावसायिक प्रयोग किया जा रहा है। जिसको लेकर स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 17 से 20 नवंबर तक दो शिफ्ट में तीन तीन प्रवर्तन टीमों ने अभियान चलाया। जिसमें 707 वाहनों की जांच की गई। इनमें 133 निजी वाहन व्यावसायकि रूप से संचालित पाए गए। जिनका चालान करते हुए 69 वाहनों को थाने में जमा किया गया हैं। यह वाहन तभी छोड़े जाएंगे जब इनका टैक्सी में परिवर्तन हो जाएगा और जुर्माना व बकाया टैक्स जमा हो जाएगा। अभी तक छह वाहनों को टैक्सी में बदलने के बाद पूरा शुल्क लेकर छोड़ा गया है। अभियान चलाने वाली टीम में यात्री व मालकर अधिकारी आभा त्रिपाठी, अनीता वर्मा, एसपी देव, हरदोई जनपद के खेमानंद पांडेय, सीतापुर के आब्दीन अहमद एवं लखीमपुर खीरी कौशलेंद्र प्रताप शामिल रहे।