लखनऊ में इंदिरानगर बी-ब्लॉक बस्तौली इलाके में शुक्रवार दोपहर आपसी विवाद में टेलर ने पत्नी को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। मां को बचने के लिए नाबालिग बेटी पहुंची तो आरोपी ने बेटी को भी छत से धक्का दे दिया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, रविवार सुबह महिला की मौत हो गई। इस मामले में गाजीपुर पुलिस पर भी सूचना के बावजूद केस न दर्ज करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगा है।
गाजीपुर के बी-ब्लॉक बस्तौली इलाके में टेलर राजकमल रहता हैं। राजकमल के बेटे रिंकू गौतम के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर उनकी मां कुसुम गौतम (48) व बहन 15 वर्षीय गौरी मौजूद थी। किसी बात को लेकर पिता और मां के बीच बहस हो गई। गुस्से में राजकमल ने डंडे से पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई में कुसुम को गंभीर चोट लगी और वो बेहोश हो गई। मां को बचने के लिए गौरी मदद के लिए दौड़ी तो आरोपी राजकमल ने उसको छत से धक्का दे दिया। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मदद के लिए पहुंचे। घायल मां-बेटी को राम मनोहर लोहिया अस्पताल भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रविवार सुबह कुसुम की मौत हो गई। वहीं इस घटना मेंं गौरी का दाहिने पैर में फैक्चर हो गया। कुसुम के परिवार में चार बेटे हैं, जो प्राइवेट नौकरी करते हैं।
पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप
महिला की मौत के मामले में जनवादी महिला समिति के लोगों ने गाजीपुर पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन लोगों का कहना है कि घटना के बाद सूचना पर भूतनाथ पुलिस चौकी से दो पुलिसकर्मी आए थे, पर उन्होंने कुछ नहीं किया। इस मामले में न तो कोई केस दर्ज किया गया और ना ही आरोपी राजकमल को पकड़ा गया। आरोप है कि पुलिस को महिला कुसुम की मौत की खबर तक नहीं थी। समिति के लोगों ने ही पुलिस को मौत के बारे में खबर दी।
अक्सर पत्नी को मारता-पीटता था राजकमल
कुसुम की मौत के मामले में डीसीपी नॉर्थ कासिम आब्दी ने बताया कि घटना के बाद परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी थी। अगर तहरीर मिलती को केस दर्ज कर कार्रवाई की जाती। फिलहाल कुसुम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुसुम के बेटे रिंकू की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी राजकमल अक्सर पत्नी कुसुम के साथ मारपीट करता था।