रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात शोहदे से तंग होकर एक किशोरी ने खुदकुशी कर ली। घटनास्थल से एक सुसाइट नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि मम्मी, पापा मुझे माफ कर देना। मैं तो मर ही जाऊंगी लेकिन मोनू को मत छोड़ना। सुसाइट नोट में इस बात की पुष्टि हुई है कि आरोपी अश्लील फोटो के जरिए उसे परेशान कर रहा था। घटना की जानकारी से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सभी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे टीला पोस्ट मीठापुर गांव निवासी वीरेंद्र कुमार अपनी पत्नी विमला के साथ रोजी-रोटी के लिए कानपुर में रहते थे जबकि गांव में बेटी नेहा (18), नंदिनी (15), जूही (12), नैंसी (8) अपने चाचा राजेंद्र कुमार के साथ रहती थी। चाचा राजेंद्र कुमार ने बताया कि गांव का मोनू नंदिनी को तंग करता था। इससे वह परेशान रहती थी। इसी वजह से उसने रात करीब आठ बजे पंखे के हुक से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो दूसरी बहन ने उसे आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांककर कमरे में देखा गया तो नंदिनी का शव फंदे से लटक रहा था। उसे नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें - पंजाब में हुई बंपर पैदावार ने प्रदेश में गिराए नए आलू के दाम, 500 रुपये प्रति क्विंटल तक गिरा रेट
ये भी पढ़ें - श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा: शादी के लिए हुई होटल की एडवांस बुकिंग नहीं होगी निरस्त
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। चाचा की सूचना पर मृतक किशोरी के माता-पिता रात में ही कानपुर से गांव पहुंचे। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतक किशोरी के पिता की तहरीर पर गांव के ही रहने वाले मोनू के खिलाफ केस दर्ज करके उसे पकड़ लिया गया है। आरोपी गांव में ही रहता है। उससे पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी की जा रही है।
मोनू की वजह से ही मैं मरने जा रही हूं...
घटनास्थल से बरामद सुसाइट नोट में लिखा है-अलविदा। मेरी प्यारी मम्मी और पापा मुझे पूरा यकीन है कि मेरे मरने के बाद आप लोग मुझे माफ कर देंगे और दीदी से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं। मैं तो मर ही जाऊंगी लेकिन मोनू को मत छोड़ना। उसी की वजह से मैं मरने जा रही हूं क्योंकि उसने मुझे बहुत परेशान किया। ब्लैकमेल किया और भगवान जाने कहां से फोटो निकाला है। उसे मैं नहीं जानती लेकिन उसने इन्हीं फोटो के जरिए मुझे बहुत ब्लैकमेल किया है। मेरी आत्मा को शांति तभी मिलेगी जब उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। आपकी प्यारी बेटी नंदनी अलविदा और मुझे सभी माफ कर देना। इस नंबर ९१२९०९९३३४ पर फोन करके बना देना ठीक है और कह देना कि मैं नंदनी की मम्मी हूं। अंजली की मम्मी को बुला लेना सब बात बताएंगी।
शोहदे के चलते किशोरी ने खुदकुशी कर ली, लेकिन इस पूरे मामले में सरेनी थानेदार और उनके मातहत परदा डालने में जुटे रहे। पहले थानेदार और उनके मातहत यही बताते रहे कि किशोरी ने महज खुदकुशी कर ली है कोई बात नहीं है। बाद में मृतका का सुसाइट नोट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो न सिर्फ पुलिस हरकत में आई, बल्कि उसके सुर भी बदल गए। परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि शोहदे के चलते किशोरी के आत्महत्या कर लेने की बात सामने आई है। घटनास्थल से सुसाइट नोट मिला है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर केस दर्ज कराया गया है। आरोपी पकड़ लिया गया है। मामले में सख्त कार्रवाई कराकर पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा।