आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से कार में लिफ्ट लेकर उन्नाव जा रहे ठेकेदार संजय कुमार पटेल से रविवार सुबह कार सवार बदमाशों ने 1.45 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और चलती कार से नीचे फेंक दिया। पीड़ित संजय कुमार ने काकोरी थाने में कार सवार बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मूलरूप से उन्नाव के बेहटा मुजावर गांव निवासी संजय मौजूदा समय में परिवार के साथ पारा के समृद्धि विहार में रहते हैं। उनके मुताबिक, रविवार सुबह उन्हें उन्नाव के बांगरमऊ में एक परिचित की बेटी की शादी में रुपये देने जाना था। इसके लिए वह घर से आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पहुंचे। इसी बीच कार सवार तीन युवक वहां आए। तीनों ने संजय को उन्नाव तक छोड़ने की बात कही। 100 रुपये किराया तय हुआ। बदमाशों के इरादों से अनजान संजय कार में बैठ गए।
पांच किलोमीटर आगे ले जाकर की लूटपाट
संजय के मुताबिक, जीरो पॉइंट से करीब पांच किलोमीटर आगे जाने के बाद कार की पिछली सीट पर बैठे दो बदमाशों ने उनकी जैकेट से मुंह दबा दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उनका बैग लूट लिया और चलती कार से नीचे फेंककर भागने लगे। संजय के बैग में 1.45 लाख रुपये, मोबाइल फोन और कुछ दस्तावेज रखे थे। आरोपी टोल प्लाजा पहुंचने से पहले ही कार मोड़कर लखनऊ की ओर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने मदद के लिए शोर मचाया तो कुछ लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर काकोरी पुलिस भी पहुंच गई।
सीसीटीवी में दिखी तीन संदिग्ध कार, तीन टीमें तलाश में जुटीं
डीसीपी पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट, टोल प्लाजा और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर तीन संदिग्ध कारें सामने आई हैं। पुलिस तीनों कारों के नंबर पता कर छानबीन कर रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं।