मेट्रो परियोजना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने इंटरव्यू, मेडिकल के बाद नियुक्तिपत्र देने के नाम पर युवाओं से 75-75 हजार रुपये मांगे।
बुधवार को कंपनी के दफ्तर पर धावा बोल युवकों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची गाजीपुर पुलिस दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस भी मामले को ठगी मान रही है। आजमगढ़ के अवध नारायण सिंह औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र के छात्र मो. आरिफ व अजय गुप्ता ने इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने ये बताया कि चिनहट के फैजाबाद रोड स्थित मटियारी चौराहे पर पद्मावती पैलेस के द्वितीय तल पर करीब पांच माह पहले जालसाजों ने किराए के मकान में मेट्रो सेल टेक्नोलॉजी एंड कॉर्पोरेशन के नाम का बोर्ड लगाकर ऑफिस खोला।
इसके बाद मेट्रो परियोजना में नौकरी दिलवाने के नाम पर भर्ती का विज्ञापन दे दिया। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर एके शुक्ला ने आजमगढ़ के कोठरा में 16 अगस्त को अवध नारायण सिंह औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र में 450 आईटीआई विद्यार्थियों से 250 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस जमा करवाकर टेस्ट लिया।
जिसमें करीब 46 लड़के उत्तीर्ण हुए। इसके बाद उन्हें 18 अक्तूबर को इंटरव्यू के लिए मटियारी चौराहा स्थित अपने ऑफिस बुलाया, जहां पर कंपनी के प्रोजेक्ट हेड एके शुक्ला ने युवकों का इंटरव्यू लिया।