स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ व नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी 850 करोड़ रुपये के काम के टेंडर हो गए हैं। सबसे बड़ा आईटीएमएस का प्रोजेक्ट भी लगभग पूरा है। जल्द इसका लोकार्पण भी होगा। कैसरबाग क्षेत्र में 300 करोड़ से सीवर लाइन बिछाने का काम चालू है।
पार्कों के सौंदर्यीकरण का काम चालू है तो कमांड कंट्रोल सेंटर भी लगभग पूरा है। पार्कों में हेल्थ एटीएम, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत एबीडी क्षेत्र के सभी प्राइमरी सरकारी स्कूलों की मरम्मत व सुदृढी़करण और स्मार्ट क्लास बनाने, खराब हाल में पहुंच चुकी केडी सिंह बाबू स्टेडियम की दो डारमेट्रियों को बेहतर बनाने, दिव्यांग फ्रेंडली बनाने, अमीरुद्दौला पब्लिक लाइब्रेरी का सौंदर्यीकरण, संरक्षण व डिजिटाइजेशन किया जाएगा।
वहीं, सरकारी भवनों पर सोलर रूफ टाफ, एबीडी एरिया के स्कूलों में आरो प्लांट लगाने आदि योजनाओं के टेंडर हो गए हैं। ज्यादातर का कार्यादेश जारी कर दिया गया है और बाकी का वर्क ऑर्डर जल्द जारी हो जाएगा।
स्मार्ट सिटी कंपनी के महाप्रबंधक एसएफए जैदी ने बताया कि काम की प्रगति के आधार पर केंद्र सरकार रैंकिंग जारी करती है। काम की हर छोटी-बड़ी जानकारी केंद्र सरकार के पोर्टल पर अपलोड की जाती है। उसके साक्ष्य के तौर पर दस्तावेजों की कॉपियां स्कैन कर अपलोड की जाती है।
रैंकिंग को लेकर जो आधार है, उसमें देखा जाता है कि कितने टेंडर हुए, कितनों के कार्यादेश जारी हुए, कितनी योजनाएं शुरू हुईं और कितना बजट खर्च हुआ। हर पहलू की पूरी मॉनीटरिंग के बाद कें द्र सरकार रैंकिंग तय करती है।
ताजा रैंकिंग से बढ़ा उत्साह
केंद्र सरकार की ताजा रैंकिंग से उत्साह बढ़ा है। यह कोशिश है कि अपना शहर जल्द देश की काम की प्रगति में टॉप टेन में शामिल हो। - इंद्रमणि त्रिपाठी, सीईओ स्मार्ट सिटी कंपनी