राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार को तेज हवा, बारिश और ओलों की बौछार ने मौसम के मिजाज को बदल दिया। पछुआ हवाएं एक दिन पहले जहां तेज गर्मी का अहसास करा रही थीं और अगले ही दिन लगा ठंड फिर लौटने लगी है।
शुक्रवार तड़के तीन और चार बजे के बीच शुरू हुआ बदलाव का यह सिलसिला गरज-चमक के साथ रूक-रुक कर शाम तक जारी रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र ने शनिवार को भी पूर्व व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में आंधी-पानी और ओले गिरने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी समेत प्रदेश के अधिकतर इलाकों में शनिवार को भी बारिश की संभावना जताई है। चेतावनी में कहा गया है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30-40 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी साथ ही गरज-चमक के साथ पानी बरसने के आसार हैं।
जबकि पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आंधी-पानी और ओले गिरने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता कभी गर्मी-कभी ठंड और कभी बरसात का कारण पश्चिमी विक्षोभ है। 20 मार्च के बाद मौसम सामान्य होने के आसार हैं। इस बीच सुबह और शाम के तापमान में सामान्य से 2 से 4 डिग्री की कमी बनी रहेगी, जो ठंड का अहसास कराती रहेगी।