विभूतिखंड इलाके के पार्श्वनाथ अपार्टमेंट में मंगलवार रात को चोरों ने डॉक्टर दंपति का घर साफ कर दिया। चोरों ने फ्लैट में रखे जेवरात व नकदी उड़ा ली। चोरों की यह हरकत घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में एक चोरी सामान लेकर जाते हुए दिखा है। पुलिस ने मौके पर फोरेसिंक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। वहीं मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक पार्श्वनाथ अपार्टमेंट के टॉवर नंबर-10 के फ्लैट नंबर 504 में डॉ. अभय श्रीवास्तव परिवार सहित रहते हैं। परिवार में पत्नी ज्योति हैं। मंगलवार की शाम को वह इंदिरानगर स्थित अपनी क्लीनिक पर गये थे। रात को वापस आये तो घर के अंदर दाखिल हुए। अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। उसमें कीमती सामान व नकदी गायब थी। डॉ. अभय के मुताबिक चोरों ने घर में रखा सोने का कंगन, कीमती सामान, एक घड़ी, नकदी साफ कर दिया। हालांकि अभी तक सामान की सूची पुलिस को नहीं सौंपी गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को घर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर दिखा है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है।
पाइप के रास्ते चढ़ा व ग्रिल काट कर घर में घुसा
पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया कि चोर डॉ. अभय के घर पानी निकासी के लिए लगे पाइप के सहारे पांचवीं मंजिल तक आया। जहां से खिड़की ग्रिल काट कर अंदर घुसा। घर में लगे सीसीटीवी में एक चोर कैद हुआ है। घटना मंगलवार रात साढ़े सात बजे की है। चोर के हावभाव से लगता है कि वह अपार्टमेंट के हर कोने से वाकिफ था और डॉक्टर दंपती के आने-जाने की पूरी जानकारी थी। जिसके कारण उसने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया।