आशियाना इलाके की बंगला बाजार पुलिस चौकी के पास बुधवार को चार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर रेलवे के रिटायर्ड जेई को धमकाकर गहने उतारकर रखने को कहा। फिर झांसा देकर उनकी सोने की चेन, लॉकेट व चार अंगुठियां लेकर भाग गए। पुलिस ने मौका मुआयना किया मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छानबीन का आश्वासन दिया है।
बंगला बाजार इलाके में एल्डिको उद्यान एक में रहने वाले जगदीश प्रसाद गुप्ता (70) रेलवे के रिटायर्ड जेई हैं। बुधवार दोपहर वह अपनी पासबुक में इंट्री कराने के लिए बंगला बाजार स्थित बैंक शाखा गए थे। तभी बंगला बाजार पुलिस चौकी के ठीक पीछे दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए मास्क नहीं पहनने को लेकर जगदीश को टोका। फिर कहा कि लूटपाट की इतनी वारदातें हो रही हैं और आप चेन व अंगुठियां पहनकर घूम रहे हैं। जगदीश घबरा गए तो युवकों ने तुरंत गहने उतारकर रखने की हिदायत दी।
जगदीश ने चेन, लॉकेट व चारों अंगुठियां उतारीं तो एक युवक ने रुमाल में लपेटकर रखने को कहा। जगदीश के पास रुमाल नहीं था तो एक युवक ने उनसे गहने लेकर कागज में लपेटकर उन्हें पुड़िया दे दी। जगदीश ने घर जाकर पुड़िया खोली तो उसमें कुछ कंकड़ रखे थे। उन्होंने बंगला बाजार पुलिस चौकी पर सूचना दी तो चौकी प्रभारी व सिपाहियों ने आसपास इलाके में बदमाशों की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली। जगदीश ने पुलिस को तहरीर दी है। आशियाना इंस्पेक्टर धीरज शुक्ल का कहना है कि छानबीन की जा रही है।