लखनऊ में हजरतगंज के वजीर हसन रोड पर बन रहे एक अपार्टमेंट के बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं चार के घायल होने की सूचना है। आरोप है कि मृतक मजदूर का बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं ठेकेदार व मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएसआई हजरतगंज दयाशंकर द्विवेदी के मुताबिक सुल्तानगंज चौकी क्षेत्र के वजीर हसन रोड पर एक अपार्टमेंट का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान रविवार रात को बेसमेंट की खुदाई चल रही थी। जिसके कारण मिट्टी का ढेर लगा था। अचानक बारिश के दौरान मिट्टी का ढेर भरभरा कर काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। हादसे में सीतापुर के सरैया बलदेव सिंह निवासी रामचंद्र सहित पांच लोग घायल हो गये। आनन-फानन में सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चार मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं रामचंद्र की हालत गंभीर थी। जिसकी कुछ देर बाद अस्पताल में मौत हो गई।
बिना पोस्टमार्टम के शव लेकर जा रहे थे ठेकेदार
एसएसआई के मुताबिक रामचंद्र की मौत की सूचना मिलने पर ठेकेदार रमजान भी अस्पताल पहुंचा। उसने रामचंद्र का शव बिना पोस्टमार्टम के लिए लेकर जाने के लिए चिकित्सकों पर दबाव बना रहा था। इसी बीच वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह मृतक के परिवारीजनों की तहरीर पर ठेकेदार रमजान और मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।