ठग ने खुद को लोकभवन में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद का सहायक बता कर गौतमबुद्धनगर के बादलपुर के निवासी सत्येंद्र कश्यप को एआरओ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 22 लाख ठग लिए। एसीपी विकास जायसवाल के आदेश पर हजरतगंज पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
सत्येंद्र के मुताबिक उनका आलमबाग अपनी ससुराल आना जाना लगा रहता है। जून 2023 में ससुराल आने पर उनकी मुलाकात हजरतगंज के दारुलशफा में मड़ियांव के अहिबरनपुर निवासी नीरज कुमार से हुई थी। आरोपी ने खुद को लोकभवन में प्रमुख सचिव गृह का सहायक बताया। उसने कहा कि लोकभवन में एआरओ की जगह निकली है। वह उनकी नौकरी लगवा सकता है। झांसे में आए सत्येंद्र ने भतीजे व दोस्त के भाई की नौकरी लगवाने की बात कही।
ये भी पढ़ें - कोर्ट परिसर से दहेज उत्पीड़न का आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भागा, दो सिपाहियों के खिलाफ दर्ज कराया केस
ये भी पढ़ें - VIDEO: थाने के बाहर युवक-युवती में मारपीट, वीडियो वायरल, आठ लाख रुपये का चल रहा था विवाद
जनवरी, 2024 को नीरज ने सत्येंद्र से नौकरी के लिए भतीजे और दोस्त के भाई का बायोडाटा लिया। पीड़ित ने जालसाज को 22 लाख रुपये दिए। मगर काफी समय बीतने पर भी दोनों की नौकरी नहीं लगी। नवंबर 2024 को पीड़ित ने रकम मांगी तो ठग ने उन्हें पांच लाख की चेक कूरियर कर दी, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गई। दबाव बनाने पर आरोपी टरकाता रहा है। विरोध पर धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसीपी हजरतगंज से की। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।