फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ कैंट उपचुनाव : फीका रहा मतदान, सिर्फ 29.55 फीसदी ही हुई वोटिंग

Mon, 21 Oct 2019 09:56 PM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

  • ज्यादातर बूथों पर तो शुरुआती दो घंटों में खाता तक नहीं खुला
  • 51.66 प्रतिशत मतदान हुआ था वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 
  • 50.48 फीसदी वोटिंग हुई थी वर्ष 2019 में इस सीट से लोस चुनाव में
विज्ञापन
मतदाता - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ कैंट विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर मतदाताओं की उदासीनता से सोमवार को 29.55 फीसदी ही वोट पड़े। क्षेत्र के अधिकतर बूथों पर शुरुआती दो घंटे में खाता तक नहीं खुला। वोटिंग की सुस्त रफ्तार से प्रत्याशियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी हलकान रहे। जबकि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां 51.66 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2019 में लोकसभा चुनाव में भी 50.48 फीसदी वोटिंग हुई थी।
विज्ञापन


मतदान शुरू होने के पहले दो घंटे तक आजाद नगर स्थित बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ होम्योपैथी फार्मेसी, लखनऊ पब्लिक स्टैंडर्ड कॉलेज गीतापल्ली के नालंदा पब्लिक स्कूल चंदन नगर के गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, सिंगार नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चित्रगुप्त नगर के बीएनलाल वी इंटर कॉलेज, कैंट के सिंचाई भवन कार्यालय, पुरानी जेल रोड स्थित होमगार्ड मुख्यालय आनंद नगर के रेलवे हायर सेकंडरी विद्यालय, कैनाल कॉलोनी, चारबाग के एपीसेन गर्ल्स कॉलेज, सदर के हरीश चंद्र इंटर कॉलेज, कैंट के छोटीलाल कुर्ती और संस्कृत पाठशाला में बने बूथों पर 3 से 5 फीसदी तक ही मतदान हुआ। 

इस बीच भाजपा प्रत्याशी सुरेश तिवारी सवा सात बजे ही परिवारीजनों के साथ वोट डालने को जनता इंटर कॉलेज में बने बूथ पर पहुंच गए। दोपहर बाद अग्रसेन इंटर कॉलेज मोतीनगर, राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज सिंगार नगर, गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज चारबाग, हरीशचंद्र इंटर कॉलेज सदर और यूपी एग्रो परिसर हुसैनगंज में बने बूथों पर भीड़ बढ़ी। 
विज्ञापन

दोपहर 12 बजे के बाद दहाई का आंकड़ा पहुंचा

अन्य पचास फीसदी बूथों में भी दोपहर 12 बजे के बाद ही मतदान प्रतिशत दहाई के आंकड़े में पहुंचा। इस दौरान प्रेक्षक ए. प्रसन्ना ने जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम कौशल राज शर्मा व सीडीओ मनीष बंसल के साथ चारबाग के गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बने पिंक बूथ सहित आस-पास के केंद्रों का निरीक्षण किया।  

चुनावी बस्ते को लेकर पुलिस से नोकझोंक
गढ़ी कनौरा और श्रमिक बस्ती मुव्वया में बने बूथ पर बीजेपी प्रत्याशी के चुनावी बस्ते पर लैपटॉप के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को देख विरोधी प्रत्याशियों के समर्थकों ने आपत्ति जताई। प्रतिबंधित सामग्री हटाने पहुंची पुलिस टीम के साथ कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने स्थिति संभाली।

फर्जी वोटिंग की शिकायतों से रहे हलकान
सुबह दस बजे गुरुनानक नगर वार्ड के केंद्र पर बने बूथ में एक पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी पोलिंग की शिकायत कंट्रोल कक्ष में आई। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने जांच में इसे गलत पाया। इसके डेढ़ घंटे बाद आरडीएसओ पारा से सटे सेंटर से भी कुछ लोगों के फर्जी वोटर स्लिप व आईकार्ड से प्रत्याशी विशेष के पक्ष में मतदान की सूचना दी गई, लेकिन मामला सिर्फ वोटर पर्ची के साथ फोटो आईडी कार्ड न लाने का निकला।
विज्ञापन

ईवीएम की खामियों ने भी किया परेशान

पूरन नगर, स्नेह नगर व मधुबन नगर सहित छोटी लालकुर्ती, सदर तोपखाना, गनेशगंज, भेड़ीमंडी लालकुंआ छितवापुर सहित करीब एक दर्जन मत केंद्रों पर बने बूथ पर ईवीएम न चलने की शिकायत भी रही। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने रिजर्व की ईवीएम को यहां लगाया। इससे मतदान 15 से 20 मिनट की देरी से शुरू हो पाया।

मतदाता सूचियों की कमियों ने छकाया
कई मतदाताओं को अपना नाम बूथ पर मौजूद सूची से गायब मिला। चित्रगुप्त नगर में बीएन लाल वी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पहुंचे मंगलखेड़ा के ओम प्रकाश का नाम तो सूची में था, लेकिन उनकी पत्नी व बेटे रवि को नाम सूची में न होने से मायूस लौटना पड़ा। करीब एक दर्जन से अधिक केंद्रों पर यह शिकायत रही। सार्वजनिक चिकित्सालय के पास लगे पार्टियों के काउंटर पर अपना नाम तलाश रहे मो. इस्लाम ने बताया कि लोकसभा चुनाव में वोट डाला था। अब विधानसभा के उपचुनाव में वोट डालने आए तो उनका नाम ही सूची में नहीं मिल रहा है। बताया जा रहा है कि बीएलओ बदल गया होगा।

मतदान का ग्राफ
समय              मतदान प्रतिशत
सुबह 9 बजे   ---     3.7 
सुबह 11 बजे  ---     9.4
दोपहर 1 बजे   ---     16.10
अपराह्न 3 बजे ---     21.8
शाम 5 बजे     ---     27.11
मतदान समाप्ति के बाद 6 बजे --- 29.55
नोट... जिला प्रशासन के चुनाव नियंत्रण कक्ष की जानकारी पर आधारित हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें