प्रदेश में कोरोना के 12 नए मरीज मिले हैं। अब प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 157 हो गई है। हालांकि बीते 24 घंटे में सात संक्रमितों को अस्पतालों से छुट्टी भी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान 176964 सैंपल की जांच की गई थी। प्रदेश में टीकाकरण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को 13.15 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया। इस तरह अब कुल 18.29 करोड़ टीकाकरण हो गया है। इसमें 12.08 करोड़ को पहली डोज दी गई है।
लखनऊ में गुरुवार को कोरोना के चार नए मरीज मिले हैं। इसमें एक महिला मरीज की ट्रेवल हिस्ट्री भी सामने आई है। सभी होम आइसोलेशन में हैं। इन पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है। नए केस में निशातगंज स्थित न्यू हैदराबाद कॉलोनी एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह करीब डेढ़ हफ्ते में कई शादी समारोह में शामिल हुई थी। ऐसे में पार्टी में शामिल लोगों में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला के क्लोज कॉन्टैक्ट में आए लोगों की तलाश में जुट गई है।
उधर, आशियाना निवासी एक महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। वह पंजाब में शादी समारोह से लौटी थी। स्वास्थ्य विभाग ने पंजाब के स्वास्थ्य महकमे को इसकी जानकारी देने का फैसला किया है। इसके अलावा बंगलूरू से लौटे गोमतीनगर निवासी छात्र के माता-पिता में वायरस मिला है। छात्र की भी जांच जांच कराई गई है। वहीं, जिस फ्लाइट से छात्र लौटा था उसमें सवार लोगों को सूचना भेजी गई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. मिलिंद ने आगाह किया है कि लोग भीड़-भाड़ व समारोह में शामिल होने पर सावधानी बरतें और मास्क जरूर लगाएं।