लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध राजधानी के 15 कॉलेजों के स्नातक के प्रोफेशनल कोर्सों में प्रवेश नए सत्र 2022-23 में भी लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएटेड कॉलेज मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (लुआक्मैट) से होंगे। इसका आयोजन जुलाई में किया जाएगा, जबकि इसके लिए प्रवेश आवेदन 11 अप्रैल से शुरू होंगे। यह निर्णय शुक्रवार को नेशनल पीजी कॉलेज में हुई कॉलेज प्रतिनिधियों की बैठक में हुआ।
नेशनल पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि इस टेस्ट के माध्यम से उक्त 15 कॉलेजों में चल रहे बीबीए, बीबीए एमएस, बीबीए टूरिज्म, बीसीए, बीकॉम ऑनर्स, बीजेएमसी, बीबीए आईबी और बीवोक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों की संयुक्त प्रवेश परीक्षा गत 15 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। इस वर्ष लुआक्मैट का आयोजन जुलाई के पहले सप्ताह में होगा। इसकी तिथि जल्द घोषित कर दी जाएगी।
उक्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पत्र व विस्तृत नियमावली 11 अप्रैल से कॉलेज वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध होगी। विद्यार्थी अपने आवेदन ऑनलाइन कर सकेंगे, जबकि 20 अप्रैल से ऑफ लाइन आवेदन पत्र नेशनल पीजी कॉलेज से प्राप्त किए जा सकते हैं। बैठक में उपस्थित महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि नेशनल पीजी कॉलेज द्वारा आयोजित बीकॉम व बीएससी की प्रवेश परीक्षा भी इसमें सम्मिलित की जाए। प्राचार्य ने कहा कि जल्द ही इसके संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
इस बार भी आवेदन पत्र शुल्क व परीक्षा शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई है। प्रो. सिंह ने यह भी कहा है कि जो कॉलेज इसमें शामिल नहीं हो पाए हैं, वे भी लुआकमैट में शामिल होने के लिए जल्द कॉलेज में संपर्क कर सकते हैं। बता दें कि कोविड संक्रमण के कारण पिछले दो सालों से लुआकमैट में प्रवेश परीक्षा का आयोजन न कराकर मेरिट के माध्यम से प्रवेश दिया जा रहा था। इस बार स्थितियां सामान्य होने पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
इन कॉलेजों के प्रतिनिधि हुए शामिल
नेशनल पीजी कॉलेज, मॉडर्न कॉलेज, राम स्वरूप, लखनऊ पब्लिक कॉलेज, एलबीएस कॉलेज, शेरवुड कॉलेज, एसएमएस कॉलेज, कॉलेज ऑफ इनोवेटिव साइंस, कृष्णा कॉलेज, श्री श्रद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज।
कैरियर कॉन्वेंट में प्रवेश आवेदन आज से
कैरियर कॉन्वेंट गर्ल्स कॉलेज पीजी कॉलेज में स्नातक कोर्सों बीए, बीएससी बायो व मैथ्स, बीकॉम तथा पीजी कोर्सों एमए, एमकॉम सत्र 2022-23 की प्रवेश प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। प्राचार्य दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि इच्छुक छात्राएं कॉलेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।