लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के पास बायोमीट्रिक हाजिरी दर्ज कराने का शनिवार को अंतिम मौका है। इसके बाद छात्रवृत्ति का पोर्टल बंद हो जाएगा।
जिन विद्यार्थियों ने अब तक उपस्थिति के माध्यम से फॉर्म अग्रसारित करवाने की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे इसे पूरा कर लें। कुलसचिव कार्यालय ने छात्रों को सूचित करने के लिए इसकी अंतिम अधिसूचना जारी कर दी है।
समाज कल्याण विभाग ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पत्र अग्रसारित करवाने के दौरान बायोमीट्रिक हाजिरी को अनिवार्य किया है। विद्यार्थियों को कैशियर कार्यालय में आवेदन फॉर्म जमा कर व रिसीविंग नंबर के साथ कुलसचिव कार्यालय आकर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 90 फीसदी से अधिक विद्यार्थियों ने यह प्रक्रिया पूरी कर ली है। इससे चूके विद्यार्थियों को यह अंतिम अवसर दिया गया है। उपस्थिति से चूकने वाले विद्यार्थी छात्रवृत्ति पाने से वंचित रह जाएंगे।