लखनऊ। बाराबंकी के जैदपुर इलाके के प्रेमी युगल को लेकर अमौसी एयरपोर्ट पर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। दोनों मुंबई में काफी दिनों तक छिपे रहने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। वहां परिवारीजनों ने घेर लिया। युवती को वापस ले जाने की जिद करने लगे। इस पर दोनों ने जमकर हंगामा किया। एयरपोर्ट के सुरक्षाकर्मियों ने प्रेमी युगल को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। देर शाम दोनों को बाराबंकी की जैदपुर पुलिस साथ लेकर गई।
जैदपुर थाने में दूसरे संप्रदाय के युवक के खिलाफ युवती को भगाने का केस दर्ज है। बाराबंकी के जैदपुर थाने में युवती के पिता ने पांच जुलाई को केस दर्ज कराया गया था। नैनामऊ बाराबंकी निवासी फहीम नामक युवक पर बेटी को बहलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने फहीम के पिता नसीर आलम से पूछताछ की तो पता चला कि फहीम, युवती को अपने साथ मुंबई ले गया था। पुलिस ने दोनों को वापस लाने के लिए परिवारीजनों के माध्यम से फहीम से संपर्क किया। युवती के साथ फहीम मंगलवार दोपहर फ्लाइट से मुंबई से लौटा। इसकी जानकारी युवती के परिवारीजनों को मिल गई थी।
फ्लाइट आने पर एयरपोर्ट के बाहर परिवारीजनों ने दोनों को पकड़ लिया। युवती के परिवारीजन उसे अपने साथ ले जाने का दबाव बना रहे थे, वहीं फहीम और युवती इसका विरोध कर रहे थे। हंगामा देखकर एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मियों ने सरोजनीनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस व एयरपोर्ट चौकी इंचार्ज फोर्स के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को एयरपोर्ट चौकी ले आए। जैदपुर पुलिस से संपर्क किया गया। सूचना पर जैदपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ लेकर चली गई। पिता ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है।