अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार देर रात डकैती पड़ गई। सीतापुर से ट्रेन चलते ही बदमाशों ने हथियार के बल पर यात्रियों से नगदी, मोबाइल व अन्य कीमती सामान लूटा और चेन पुलिंग करके भाग गए।
डरे सहमे यात्रियों ने आरपीएफ कंट्रोल रूम में सूचना दी तो बुढ़वल स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। आरपीएफ ने यात्रियों से पूछताछ की मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार रात करीब 12 बजे सीतापुर स्टेशन से छूटी। इसके चंद मिनट बाद ही जनरल कोच में पांच-छह नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी।
इससे कोच में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने छह-सात यात्रियों से नगदी, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान लूटा और ग्राम टप्पा खजुरिया के पास चेन पुलिंग करके भाग गए।