लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के एचसीएल कंपनी के सामने सोमवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने बाइक सवार की आंख में मिर्ची पाउडर झोेेंककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। जलन कम होने पर युवक ने तलाश शुरू की तो बाइक गायब थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, गोमतीनगर सुलभ आवास निवासी सत्यानंद सिंह सोमवार दोपहर सुशांत गोल्फ सिटी की तरफ जा रहे थे। सत्यानंद सिंह के मुताबिक, वह बाइक लेकर एचसीएल कंपनी के सामने से होते हुए पलासियो मॉल तक पहुंचे जहां एक युवक उन्हें नजर आया। उसने हाथ देकर रुकने का इशारा किया।
सत्यानंद ने मदद के इरादे से बाइक रोक दी। युवक उनके पास आकर पता पूछने लगा। इस बीच पीछे से आए युवक ने सत्यानंद की आंख में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। वह बेहाल होकर सड़क पर गिर पड़े। जलन के कारण सत्यानंद को कुछ नजर नहीं आ रहा था। लुटेरे बाइक छीनकर भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक विजयेंद्र सिंह के मुताबिक, मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।