अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि सातवें चरण में कुल 4395 संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बलों के सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं।
3043 बूथों पर डिजिटल कैमरे और 820 केंद्रों पर वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। 2,338 बूथों की वेब कास्टिंग की जाएगी। 13 सीटों पर 31,187 ईवीएम बैलेट यूनिट, 29, 802 कंट्रोल यूनिट और 31,831 वीवीपैट मशीनें लगाई गई हैं। वहीं, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ब्रह्म देव राम तिवारी ने बताया कि मतदान के दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
एसीईओ ने बताया कि मतदान के लिए सभी जिलों से पोलिंग पार्टियां शनिवार को रवाना की गईं। देर शाम तक सभी बूथों पर पार्टियां पहुंच गई थीं।
महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज
आज रहेगा अवकाश
सातवें चरण में जिन 13 सीटों के लिए मतदान होना है, उनसे संबंधित 11 जिलों में 19 मई को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दौरान सरकारी कार्यालय, कारखाने, वाणिज्य अधिष्ठान और दुकानें बंद रहेंगी।
वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सपा की शालिनी यादव, कांग्रेस के अजय राय मैदान में है। गाजीपुर में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, बसपा के अफजाल अंसारी के बीच टक्कर है। गोरखपुर में भाजपा के रविकिशन, सपा के रामभुवाल निषाद में टक्कर है।
चंदौली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पांडेय, सपा के संजय चौहान, शिवकन्या कुशवाहा के बीच मुकाबला है। देवरिया में भाजपा के रमापति राम शास्त्री और बसपा के विनोद कुमार जायसवाल प्रमुख उम्मीदवार है। इसी प्रकार मिर्जापुर में अपना दल की अनुप्रिया पटेल और सपा के राजेन्द्र एस बिंद के बीच मुकाबला है।
वर्ष 2014 में इन सीटों के नतीजे
- भाजपा : 13
- अपना दल : 1
- सपा : 00
- बसपा : 00
- कांग्रेस : 00
2014 में इन सीटों पर कुल मतदान : 54.96 प्रतिशत