मुरादाबाद
मुरादाबाद में आज सुबह से ही काफी चहलपहल नजर आई। लोग अपने दुपहिया और चारपहिया वाहनों से बाहर निकले हैं। पेट्रोल पंप खुले हुए हैं। बैंक और एटीएम भी खुले हैं। हालांकि वाहनहीन लोगों को दफ्तर जाने में दिक्कत उठानी पड़ रही है। सब्जियां और दूध मिल रहे हैं, लेकिन रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे सूने पड़े हुए हैं।
बदायूं
बदायूं में सोमवार को बाजारों में तो भीड़भाड़ कम दिखाई दी, लेकिन किराने, सब्जी और मेडिकल स्टोरों पर भीड़ बढ़ गई। शहर के घंटाघर, बड़ाबाजार, पुराना बाजार, सराफा बाजार, छह सड़का में अमूमन दस बजे तक खुलने वाला बाजार 11 बजे तक भी नहीं खुले।
कुछ दुकानदार 11 बजे दुकानें खोल रहे थे तो कई बंद पड़ी थीं। शहर में आवाजाही भी अन्य दिनों की अपेक्षाकृत कम नजर आई। सब्जी मंडी में काफी भीड़ रही, तो किराने की दुकानों पर भी लोगों ने खरीदारी की। मेडिकल स्टोरों पर भी लोग काफी संख्या में नजर आए।
इधर, जिले में एक अफवाह उड़ गई कि जो तड़के तीन बजे तक सोता रहा वह सोता ही रह जाएगा या पत्थर का हो जाएगा। इसके चलते लोगों ने तड़के तीन और चार बजे अपने घरों में ताली और थाली पीटना शुरू कर दिया।
शाहजहांपुर।
कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए सोमवार को शाहजहांपुर जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या रोजाना की अपेक्षा कम रही। जरूरतमंद लोग ही अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं आइसोलेशन वार्ड में कोरोना का कोई भी संदिग्ध नहीं पहुंचा है।