लखनऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने के लिए 500 करोड़ रुपये से लिंक एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। इससे पूर्वांचल के जिलों से आगरा और दिल्ली का आवागमन तो आसान होगा ही, आवास विकास की तीन नई टाउनशिप में रहने वालों को भी सहूलियत होगी।
आवास विकास परिषद मोहनलालगंज क्षेत्र की 2763 हेक्टेयर जमीन पर किसान पथ, इंदिरा कैनाल एवं पूर्वांचल एक्सप्रेसवे टाउनशिप विकसित करने के लिए ले-आउट तैयार कर रहा है। आवास विकास ने इन तीनों टाउनशिप को आपस में जोड़ने के साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है।
इससे नई टाउनशिप की करीब 15 लाख आबादी का पूर्वांचल एवं दिल्ली की ओर आवागमन सुगम होगा। गाजीपुर-वाराणसी की ओर से आने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बाद सीधे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे।
समय और ईंधन की बचत होगी
वर्तमान में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आने वालों को दिल्ली की ओर जाने के लिए एक्सप्रेसवे को छोड़ना पड़ता है। लोगों को कई व्यस्त चौराहों और सड़कों से गुजर कर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे तक पहुंचना पड़ता है। इससे वे जाम में फंसते हैं। लिहाजा काफी समय बेकार होने के साथ ही ईंधन भी फुंक जाता है।