होटल का निरीक्षण करते एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार।
लखनऊ। गोमतीनगर के विक्रांत खंड में अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना एलडीए का बजट होटल छह महीने के अंदर शुरू हो जाएगा। हयात ग्रुप इसका संचालन करेगा और यह पांच सितारा होगा। इन दिनों होटल को नए सिरे संवारा जा रहा है। आठ मंजिला होटल में 186 लग्जरी कमरों के साथ फूड कोर्ट, मीटिंग हाॅल, डाइनिंग एरिया व टेरेस गार्डन आदि की सुविधा मिलेगी।
एलडीए का यह होटल 10,968 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंड पर बना है, जिसका कंस्ट्रक्शन एरिया लगभग दो लाख वर्ग फीट है। गोमतीनगर में अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग व शहीद पथ के टी पॉइंट के पास बने इस होटल की लोकेशन काफी प्राइम है। वर्तमान में परिसर के खुले भाग पर अवध बस अड्डा संचालित है।
आठ मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर रिसेप्शन एरिया है, जिसके ऊपर फूड कोर्ट व प्रथम तल पर टेरेस एरिया व मीटिंग हाॅल है। दूसरी से सातवीं मंजिल तक प्रत्येक तल पर 31 कमरे हैं। आठवीं मंजिल पर डाइनिंग एरिया और टेरेस गार्डन है। होटल के बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था है, जहां एक बार में 150 से अधिक गाड़ियां पार्क की जा सकती हैं। बजट होटल संचालित होने से लखनऊवासियों व शहर में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। एलडीए ने होटल आरएफपी के जरिये 50 साल के लिए अनुबंध पर दिया है, जिसे बाद में 10-10 वर्षों के लिए बढ़ाया जा सकेगा।
कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स का होगा पुनर्विकास
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि अयोध्या रोड पर स्थित कैलाशकुंज कॉम्प्लेक्स एलडीए बनाएगा। इसके लिए बीते दिनों कॉम्प्लेक्स परिसर में मुनादी भी कराई गई थी। मंगलवार को कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण भी किया गया। टीम ने जानकारी दी है कि 74 आवंटियों से सकारात्मक वार्ता हुई है, जबकि 24 आवंटियों ने रिडेवलपमेंट के लिए सहमति भी जता दी है। अब जो शेष आवंटी हैं, उनके साथ भी बैठक की जाएगी, ताकि योजना आगे बढ़ सके।
Iहोटल का संचालन छह महीने के अंदर शुरू हो जाएगा। संचालन निजी कंपनी करेगी। इससे एलडीए को 378 करोड़ रुपये की आय होगी। यह परियोजना लागत से कई गुना अधिक है।I
I
- प्रथमेश कुमार, वीसी, एलडीएI