लखनऊ विकास प्राधिकरण अगस्त में 303 फ्लैटों की नई स्कीम लाने जा रहा है। इन फ्लैटों की कीमत 25 लाख रुपये से लेकर 70 लाख रुपये तक होगी जबकि क्षेत्रफल 650 से 2000 वर्ग फीट तक होगा।
शहीद पथ के पास,शारदा नगर और कानपुर रोड पर यह फ्लैट मिलेंगे। इसकी घोषणा कर दी गई है। पंजीकरण की शुरुआत 15 अगस्त तक रिक्त फ्लैटों की स्कीम के साथ होने की उम्मीद की जा रही है।
इनमें सबसे अधिक मांग करीब 650 वर्ग फीट के सर्विस अपार्टमेंट के फ्लैटों के लिए होने की उम्मीद है। जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये तक होगी।
एलडीए की ओर से इस वर्ष में आवासीय योजनाएं लाने के लक्ष्य में कानपुर रोड और शारदा नगर योजना को भी शामिल किया गया है। इन योजनाओं के लेआउट प्राधिकरण की तकनीकी समिति से पास हो चुके हैं।
इसके अलावा प्राधिकरण बोर्ड से भी इन फ्लैटों का अनुमोदन लिया जा चुका है। बस अब इनका पंजीकरण ही खुलना बाकी रह गया है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि,बड़ी कांस्ट्रक्शन कंपनियां बेहतरीन गुणवत्ता के साथ इन फ्लैटों का निर्माण कराएंगी।