लखनऊ। फर्जीवाड़ा कर 13 भूखंड व भवनों की रजिस्ट्री कराए जाने के बाद एलडीए की रजिस्ट्री सेल के सभी बाबुओं को हटा दिया गया है। यहां तैनात तीन बाबुओं में से एक बाबू पवन कुमार को जहां जाली दस्तावेज व हस्ताक्षर का उपयोग कर रजिस्ट्री कराने पर निलंबित किया गया है।
वहीं, बाकी दो बाबू मानबहादुर सिंह और विवेक श्रीवास्तव को हटाने के पीछे अफसरों ने तर्क दिया है कि एक ही अनुभाग होने के बाद भी दोनों को जालसाजी के बारे में जानकारी नहीं हुई। हालांकि, अनुभाग अधिकारी सीमा अग्रवाल को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। सचिव ने बुधवार को इसके लिए आदेश जारी कर दिया।
रजिस्ट्री सेल में अब प्रदीप केसरवानी, शिवकुमार दुबे और कैलाश कुमार सिंह को तैनात किया गया है। वहीं, मानबहादुर सिंह को अब बसंतकुंज योजना में संपत्ति का काम मिला है। विवेक श्रीवास्तव अब आईजीआरएस के काम देखेंगे। उधर, बुधवार को भी रजिस्ट्री नहीं होने से लोग भटकते रहे।
सचिव पवन गंगवार का कहना है कि रजिस्ट्री सेल और कंप्यूटर सेक्शन दोनों ही अनुभाग को फूलप्रूफ बनाया जा रहा है। कंप्यूटर सेक्शन में भी बदलाव चालू है। बुधवार को रजिस्ट्री कराए जाने के लिए नए बाबुओं के हस्ताक्षर सत्यापित कर भेजने की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। बृहस्पतिवार से रजिस्ट्री होना शुरू हो जाएंगी। जिनकी रजिस्ट्री टली हैं। उनका काम प्राथमिकता पर होगा।
बने मकान तोड़े जाएंगे
सचिव का कहना है कि जिन भूखंड पर हुए निर्माण को तोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रवर्तन की कार्रवाई कराई जा रही है। 13 में से तीन भूखंड पर निर्माण हो चुके हैं, जबकि एक पर निर्माण शुरू किया गया था।