कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई और वर्क फ्रॉम होम का चलन बढ़ा है। इसके चलते लखनऊ में लैपटॉप की मांग में 250 से 300 गुना तक का इजाफा हुआ है। हालांकि, बाजार में सस्ते लैपटॉप का स्टॉक खत्म है। जो लैपटॉप उपलब्ध हैं, वे महंगे हैं और उनकी भी कीमत बढ़ गई है। वहीं, जिस वेब कैमरे को कोई पूछता नहीं था, उसे अब तिगुनी कीमत पर भी लोग लेने को तैयार हैं।
दुकानदार ग्राहकों को यह कहकर लौटा दे रहे हैं कि माल ही नहीं है। कारोबारियों का कहना है कि न तो स्टॉक है, न माल आ रहा है और जो आ रहा है कंपनियां कीमत बढ़ाकर दे रही हैं तो हम क्या करें। फिलहाल स्टॉक की कमी नवरात्र तक दूर होने की उम्मीद है।
हजरतगंज निवासी अभिमन्यु का पुराना लैपटॉप खराब हो गया। वर्क फ्रॉम होम के चलते वह लैपटॉप लेने बाजार गए तो 30 हजार तक के उनके बजट में कोई लैपटॉप ही नहीं था। आशियाना के राहुल दुकान पहुंचे तो पता चला कि 32 हजार वाला लैपटॉप 38 हजार में बिक रहा है। 36 हजार वाला 42 हजार का हो गया है।
ऐसे में वह फिलहाल मोबाइल फोन से ही काम चला रहे हैं। नाजा मार्केट के कारोबारी विजय कुमार ने बताया बाजार में 40 फीसदी भी स्टॉक नहीं बचा है। 18 से 22 हजार तक के लैपटॉप तो बचे नहीं हैं। हमारे पास आई-5,आई-7 या 40 हजार के ऊपर के लैपटॉप हैं।