लखनऊ/बलरामपुर। तुलसीपुर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज अहमद पप्पू की हत्या में जेल में बंद बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर की संपत्तियों पर सरकारी सील लगती जा रही है। बुधवार को बलरामपुर के गैसड़ी थाने क े प्रभारी निरीक्षक की टीम ने एसीपी गाजीपुर राजकुमार सिंह के नेतृत्व में मड़ियांव के अल्लूनगर डिगुरिया की तीन बेशकीमती जमीनाें को जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इसकी कीमत करीब 10.80 करोड़ रुपये हैं। इसके पहले बलरामपुर पुलिस ने तुलसीपुर व लखनऊ के विकासनगर में रिजवान जहीर की करीब सात करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की थी।
एसीपी गाजीपुर राजकुमार सिंह के मुताबिक, एसपी बलरामपुर राजेश कुमार सक्सेना के निर्देश पर गैसड़ी पुलिस की टीम लखनऊ बुधवार को पहुंची। गैसड़ी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश चौहान के साथ आई टीम ने एसीपी गाजीपुर व मड़ियांव इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह के सहयोग से पूर्व सांसद रिजवान जहीर की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया। इसके बाद पुलिस टीम करीब दो बजे मड़ियांव थाने गई। जहां से पूर्व सांसद की पत्नी हुमा रिजवान के नाम से खरीदी गई तीन भूखंडों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद दोनों थानों की टीम एसीपी गाजीपुर राजकुमार सिंह केनेतृत्व में अल्लूनगर डिगुरिया पहुंची। जहां तीन गाटा संख्या में मौजूद पूर्व सांसद की पत्नी हुमा के नाम दर्ज जमीनों को चिह्नित किया। फिर उसे जब्त कर लिया।
एसीपी गाजीपुर राजकुमार सिंह के मुताबिक, पूर्व सांसद रिजवान जहीर को बलरामपुर के टॉप-10 अपराधियों में शामिल किया गया है। उनकी जमीन तीन स्थानों पर थी जिसका क्षेत्रफल 0.967 हेक्टेअर है। इस जमीन की कीमत करीब 10.80 करोड़ रुपये है। एसीपी गाजीपुर के मुताबिक, जब्तीकरण की कार्रवाई करीब तीन घंटे चली। गैसड़ी पुलिस ने जमीन को जब्त करने के बाद उसे मड़ियांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया।