आलमबाग। काकोरी के गोला कुआं निवासी श्रमिक रामबाबू मौर्य (32) की कृष्णानगर के बाराबिरवा में धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। उनका शव सोमवार सुबह झोपड़ी के बाहर लगे मौरंग के ढेर पर पड़ा मिला। वह रविवार रात दोस्त की बेटी की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आए थे। पुलिस ने रामबाबू के भाई श्याम बाबू की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
श्याम बाबू ने बताया कि भाई अपनी पत्नी पुष्पा व बेटी लाडो और समीक्षा के साथ गोला कुआं में रहते थे। वह करीब छह माह से बाराबिरवा में सेक्टर बी में रहने वाले सुरेंद्र के साथ मजदूरी करते थे। बताया कि रविवार को कृष्णानगर के बाराबिरवा में एलडीए कॉलोनी में झोपड़ी में रहने भाई के दोस्त शुभम की चार वर्षीय बेटी का जन्मदिन था। रात करीब आठ बजे भाई ने घर में कॉल कर पार्टी में शामिल होने और घर नहीं लौटने की बात कही थी। शुभम ने बताया कि रात को रामबाबू अपने गांव निवासी सुरेंद्र, ठेकेदार अविनाश और मुंशी राजन साहू के साथ पार्टी में पहुंचा था। सभी ने झोपड़ी में देर रात तक शराब पी थी। पार्टी खत्म होने पर रामबाबू और सुरेंद्र एक बाइक से निकल गए थे। पुलिस रामबाबू के प्रेम प्रसंग और किसी से उसके विवाद की दिशा में भी तफ्तीश कर रही है।
घटना स्थल से नहीं मिला हथियार
शव मिलने की सूचना पर एडीसीपी दक्षिणी आर वसंथ कुमार, इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। हालांकि उन्हें वारदात में इस्तेमाल हथियार नहीं मिला। पुलिस ने रामबाबू के पास मिले मोबाइल से उनके घरवालों को घटना की जानकारी दी। एसीपी कृष्णानगर अभिषेक पांडेय ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले हैं।
घटनास्थल की जांच करती पुलिस