यूपी के सभी सिनेमाघरों में फिल्म शुरू होने से पहले कुंभ का लोगो दिखाया जाएगा। वर्ष 2019 में लगने वाले कुंभ मेला के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार के लिए यह फैसला हुआ है। प्रत्येक शासकीय पत्र और विज्ञापन सामग्री पर भी कुंभ लोगो का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है।
कुछ समय पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में कुंभ लोगो का अनावरण किया था। इसमें संतों को संगम में डुबकी लगाते दिखाया गया है। साथ ही बैकग्राउंड में मंदिर और स्वास्तिक का चिह्न है। युवाओं को कुंभ मेले का महत्व बताने के लिए सिनेमाघरों में राष्ट्रगान के तत्काल बाद लोगो का प्रदर्शन होगा।
यहां बता दें कि हाल ही में कुंभ मेले को यूनेस्को ने भी अपनी सूची में शामिल किया है। मुख्यमंत्री योगी ने जनवरी 2019 में शुरू होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कुंभ मेले का लोगो ‘सर्वसिद्धिप्रद कुंभ’ की टैग लाइन के साथ प्रचारित-प्रसारित करने के निर्देश भी दिए हैं।
शासन ने पिछले महीने जारी सर्कुलर में होर्डिंग्स समेत सभी तरह की सरकारी विज्ञापन सामग्री में कुंभ लोगो का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया है। सरकार का अनुमान है कि इस बार मेले में 12 करोड़ लोग हिस्सा लेंगे। वर्ष 2013 में आयोजित कुंभ मेले में 10 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया था। दो जनवरी से इलाहाबाद में शुरू हुए माघ मेले को कुंभ-2019 के फाइनल रिहर्सल के तौर पर देखा जा रहा है।