दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से निदेशक के पद से इस्तीफा देकर ऑस्ट्रेलिया बस चुके कुमार केशव लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के नये प्रबंध निदेशक बना दिए गए हैं।
उनकी नियुक्ति का आदेश शासन ने मंगलवार को जारी कर दिया। मुख्य सचिव आलोक रंजन ने सोमवार की शाम इस आशय का फैसला कर लिया था।
जबकि, आदेश मंगलवार को जारी किया गया है। कुमार केशव अगले पांच साल तक संविदा (कांट्रेक्ट) पर एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक रहेंगे।
23 जुलाई को एलएमआरसी के प्रमुख सलाहकार ई. श्रीधरन, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार और मुख्य सचिव आलोक रंजन ने एमडी पद के 15 प्रतिभागियों का साक्षात्कार लिया था।
इनमें से तीन का नाम फाइनल कर के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भेजे गये थे। ये नाम कुमार केशव, जितेंद्र त्यागी और डीएस सोढ़ी के थे।
जिनमें से कुमार केशव का नाम वैसे तो लगभग एक सप्ताह पहले ही फाइनल किया जा चुका था, मगर इस नाम पर औपचारिक मुहर अब लगाई गई है। केशव अगले दो दिन में ज्वॉइन कर सकते हैं।
कौन हैं कुमार केशव
करीब डेढ़ साल पहले दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के निदेशक (प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग) कुमार केशव ने निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था।
केशव साल 2002 में भारतीय रेल से डीएमआरसी में प्रतिनियुक्ति पर आए थे। डीएमआरसी छोड़ने के बाद कुमार केशव आस्ट्रेलिया में बस गए थे।
आस्ट्रेलिया में केशव हैनकॉक कोल प्राइवेट लिमिटेड में बतौर प्रोजेक्ट डाइरेक्टर रेल के तौर पर काम कर रहे थे।