प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती में अब तक करीब 52,919 पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है, जिसमें से 35,193 ने स्कूलों में जॉइनिंग ने दी है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने जिलों ने निर्देश दिया है कि वे 9 फरवरी तक भर्ती संबंधी सभी सूचनाएं उपलब्ध करा दें।
इसके साथ ही डायट प्राचार्यों व बेसिक शिक्षा अधिकारियों को 11 फरवरी को एससीईआरटी में होने वाली बैठक में नियुक्ति संबंधी सभी जानकारी लेकर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
बता दें कि प्राइमरी स्कूलों में 72,825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती की जानी है। सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता के निर्देश पर पात्रों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया पहले चरण में 19 जनवरी और दूसरे चरण में 29 जनवरी से शुरू हुई है।
एससीईआरटी ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर ली जाए।
जानकारी के मुताबिक नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रही। पात्रों को नियुक्ति पत्र देने की जानकारी जिलों से एससीईआरटी के साथ बेसिक शिक्षा निदेशालय को भी दी जा रही है।
आखिरकार मिला ज्वाइनिंग लेटर, चमके चेहरे
बहराइच जिले में प्रशिक्षु शिक्षकों को आखिरकार दूसरे चरण का नियुक्ति पत्र शुक्रवार दोपहर से मिलने लगा। दूसरे चरण के पहले दिन देर शाम तक 186 प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिल सके। ज्वाइनिंग लेटर पाकर प्रशिक्षु शिक्षकों के चेहरे चमक उठे।
जिले में 3600 प्रशिक्षु शिक्षकों के पद सृजित हैं। इसके सापेक्ष प्रथम चरण में 1285 प्रशिक्षु शिक्षकों ने विभिन्न स्कूलों में ज्वाइन किया था।
शासन ने दूसरे चरण में पांच फरवरी तक नियुक्ति पत्र वितरण के आदेश दिए थे लेकिन शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान समय से कटऑफ जारी नहीं कर सका। इसके चलते नियुक्ति पत्र वितरण का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद छह फरवरी की दोपहर राजकीय इंटर कॉलेज में कटऑफ सूची चस्पा हो सकी।
सूची चस्पा होते ही उसमें अपनी मेरिट देखने के लिए प्रशिक्षु शिक्षकों का तांता उमड़ पड़ा। एक बजे से नियुक्ति पत्र का वितरण गहमागहमी के बीच शुरू हुआ।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि अभी भी 2315 प्रशिक्षु शिक्षकों के पद रिक्त हैं। उनके लिए नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। दो दिन में नियुक्ति पत्र वितरण का काम पूरा कर लिया जाएगा।
30 हजार की हुई थी काउंसलिंग
जिले में 3600 पदों पर प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए टीईटी उत्तीर्ण एक लाख 95 हजार लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से मेरिट के आधार पर 30 हजार की काउंसलिंग की गई थी। उसी काउंसलिंग के तहत नियुक्ति पत्र का वितरण किया जा रहा है।
11 फरवरी को बंटेंगे नियुक्ति पत्र
जबकि सीतापुर जिले में प्राइमरी प्रशिक्षु शिक्षकों के द्वितीय कट ऑफ अभ्यर्थियों को 11 फरवरी को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। जिला शिक्षा एंव प्रशिक्षण संस्थान खैराबाद पर सुबह 10 बजे से वितरण शुरू होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने वितरण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले के छह हजार पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है।
पहले चरण में 2 हजार 841 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं। दूसरे चरण की कट ऑफ जारी कर दी गई है। मेरिट में आने वाले अभ्यर्थियों को 11 फरवरी को डायट पर नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
एक ही दिन में 2 हजार 800 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित होंगे। प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वाईके मिश्रा ने बताया शनिवार को नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा है।
उसके बाद नौ फरवरी को शिक्षकों की पदोन्नति काउंसलिंग है। इसी वजह से 11 फरवरी को एक ही दिन में सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे। इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इन प्रमाण पत्रों की हो रही है मांग
मूल शैक्षिक अभिलेख, प्रशिक्षण संबंधी उपाधि, अध्यापक पात्रता परीक्षा का प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, भूतपूर्व सैनिक/ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र, पहचान प्रमाणपत्र, एक फोटो युक्त नोटरी शपथ पत्र जिसमें अभ्यर्थी का नाम, पता, मोबाइल नंबर अंकित होगा।
सभी अभिलेख दो प्रतियों में स्व प्रमाणित करके अलग-अलग फाइलों में करना होगा। इन फाइलों को नियुक्ति पत्र वितरण के समय जमा करना होगा।
किसी ने नहीं लिया नियुक्ति पत्र
इसके अलावा सुल्तानपुर जिले में टीईटी उत्तीर्ण बीएड योग्यताधारी प्रशिक्षु शिक्षकों का नियुक्ति पत्र लेने शुक्रवार को कोई नहीं पहुंचा। बीएसए कार्यालय में नियुक्ति पत्र वितरण के लिए बनाया गया काउंटर खाली रहा। बीएसए रमेश यादव ने बताया कि नियुक्ति पत्र लेने कोई नहीं पहुंचा।