लखनऊ। गोमतीनगर मिठाईवाला चौराहा के पास कार सवार बदमाशों ने वकील को अगवाकर पहले उसकी पिटाई की और फिर कार में जबरन बैठा लिया। एक घंटे तक उसे कार में शहर के कई इलाकों में घूमाते रहे और उसकी पिटाई करते रहे। अगवा करने वाले बदमाशों ने युवक से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी। हुसड़िया चौराहे के पास उसे घायल हालत में फेंककर बदमाश भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोमतीनगर विवेकखंड नवाबपुरवा निवासी संतोष यादव पेशे से वकील हैं। पीड़ित के मुताबिक, वारदात बृहस्पतिवार दोपहर की है। वह मिठाईवाला चौराहे के पास खड़ा था। इसी बीच कार सवार लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पिटाई करते हुए उसे कार में खींचकर बैठा लिया। इसके बाद शहर के कई इलाकों में कार सवार उसकी पिटाई करते हुए घूमते रहे। करीब एक घंटे बाद उसे घायल हालत में हुसड़िया चौराहे के पास सुनसान रास्ते पर फेंककर चले गए।
पीड़ित संतोष के मुताबिक, उसके अगवा करने वालों में विपुलखंड निवासी धनंजय सिंह, देवेंद्र सिंह व रोहित यादव शामिल है। इन तीनों ने पिटाई के दौरान एक लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। मना करने पर उसे तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी थी। प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, मामला रुपये के लेनदेन का है। अधिवक्ता की तहरीर पर देवेंद्र सिंह, धनंजय सिंह व रोहित यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।