केजीएमयू की महिला कर्मचारी ने की आत्महत्या की कोशिश
लखनऊ। केजीएमयू की महिला कर्मचारी ने आपत्तिजनक फोटो वायरल किए जाने से आहत होकर आत्महत्या की कोशिश की। पीड़िता ने अपनी दो चचेरी बहनों और मुश्ताक गाजी नामक युवक पर उनकी व मुश्ताक गाजी की फोटो एडिट कर मंगेतर व रिश्तेदारों को भेजने का आरोप लगाया है। चौक थाना प्रभारी नागेश उपाध्याय ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।
लखीमपुर निवासी पीड़िता के अनुसार, छह वर्ष पूर्व चचेरी बहनों ने उनकी मुलाकात राठौर नामक व्यक्ति से कराई थी, जो बाद में मुश्ताक गाजी निकला। आरोपी ने धर्म छिपाकर दोस्ती की थी। इस दौरान उसने उनके साथ कई सेल्फी ली थीं। बाद में जब छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आईं, तो पीड़िता ने उससे दूरी बना ली।
कुछ समय पहले जब उनका विवाह तय हुआ, तो आरोपी पक्ष ने पुरानी तस्वीरों को एडिट कर वायरल कर दिया। आहत होकर पीड़िता ने दो बार खुदकुशी की कोशिश की। आरोप है कि मुश्ताक अभी भी उन्हें परेशान कर रहा है और उसी के इशारे पर चचेरी बहनों ने तस्वीरें वायरल कीं। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जान देने के लिए विवश होंगी।