लखनऊ। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बृहस्पतिवार को बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में योग विभाग व योग वेलनेस सेंटर की ओर से योग शृंखला का आगाज किया गया। इसकी शुरुआत कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने की। योग शृंखला में आप भी निशुल्क प्रशिक्षण पा सकते हैं।
अवसर पर नीलकंठ योग केंद्र के आचार्य भीम सिंह ने योग का महत्व बताया। कुलपति ने कहा, भारतीय संस्कृति में शिक्षा का मूल उद्देश्य व्यक्ति का चारित्रिक, मानसिक, आध्यात्मिक व सर्वांगीण विकास करना है। जब शिक्षा में योग का समावेश किया जाता है तो यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है बल्कि योग से व्यक्ति को पूर्णता की ओर ले जाता है और उसका व्यक्तित्व निखारता है।
प्रो. मित्तल ने बताया कि योग और शिक्षा का संयोजन आधुनिक जीवनशैली में जरूरी हो गया है। आज मानसिक तनाव और अवसाद आम समस्या बन चुका है। बीबीएयू की प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने बताया कि इस योग शृंखला में बाहरी लोग भी जुड़ सकते हैं। प्रवेश निशुल्क है।