लखनऊ। केजीएमयू के कर्मचारियों के 28 जनवरी से आंदोलन की चेतावनी के बाद केजीएमयू प्रशासन हरकत में आ गया है। कर्मचारियों को एसजीपीजीआई के समान वेतन देने सहित अन्य मांगों के मामले में अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा को पत्र भेजकर इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।
कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. बिपिन पुरी ने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा को भेजे पत्र में बताया कि केजीएमयू कर्मचारी परिषद लंबे समय से एसजीपीजीआई के समान वेतनमान-भत्ते आदि की मांग कर रही है। इस संबंध में चार साल पहले आदेश हो चुका है, लेकिन अभी तक लागू नहीं किया गया है। इसी तरह केजीएमयू आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को लोहिया संस्थान व पीजीआई के समान मानदेय देने के संबंध में कमेटी गठित की गई थी। डॉ. जयंत नार्लीकर की अध्यक्षता में बनी कमेटी शासन को अपनी रिपोर्ट दे चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में कर्मचारी परिषद 28 जनवरी से आंदोलन की बात कह रही है। मालूम हो कि कर्मचारी परिषद ने मांगों को लेकर 28 जनवरी से आंदोलन शुरू करने संबंधी ज्ञापन केजीएमयू प्रशासन को सौंपा था।