कोरोना संक्रमण के चलते पिछले चार माह से मेडिकल के छात्रों की परीक्षाएं नहीं हो सकी हैं। अब केजीएमयू ने एमबीबीएस की परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है। केजीएमयू व उससे संबद्ध मेडिकल कॉलेजों में परीक्षाएं जनवरी से शुरू होंगी।
इस दौरान प्रथम से लेकर अंतिम वर्ष तक की परीक्षाएं आयोजित होंगी। यह निर्णय गुरुवार को केजीएमयू डीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया है। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक मंजूरी के लिए इसका प्रस्ताव कुलपति के पास भेजा गया है।
केजीएमयू अफसरों के मुताबिक शैक्षिक सत्र-2019 कम से कम चार माह पिछड़ गया है। सत्र बाधित न हो इसके लिए केजीएमयू प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। केजीएमयू और संबद्ध 14 कॉलेजों में एमबीबीएस के करीब 1500 छात्र हैं। इनकी परीक्षाओं का खाका तैयार किया गया।