घाटमपुर उपचुनाव में कौन होगा भाजपा का दावेदार
- फोटो : amar ujala
आखिरकार विधान परिषद के शिक्षक कोटे की सीटों के चुनाव में भी भाजपा की रणनीति सफल रही। पार्टी ने शिक्षक कोटे की 6 सीटों के चुनाव में जिन चार पर उम्मीदवार उतारे थे उनमें तीन पर जीत सुनिश्चित कर ली है। खासतौर पर मेरठ से लगभग 48 साल से लगातार जीतकर उच्च सदन पहुंच रहे और अजेय माने जाने वाले माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा जैसे कद्दावर नेता को पटखनी देकर यह साबित कर दिया कि उसके लिए अब कोई चुनौती कठिन नहीं है। यह पहला मौका है जब शिक्षक कोटे से भाजपा के एमएलसी उच्च सदन में पहुंचेंगे। स्नातक कोटे की पांच सीटों के चुनाव में भी ज्यादातर की मतगणना का रुझान रात तक भाजपा के पक्ष में ही दिखाई दे रहा है।
हालांकि खबर लिखे जाने तक नतीजों की औपचारिक घोषणा नहीं हुई थी लेकिन भाजपा उम्मीदवारों ने मेरठ शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक और लखनऊ शिक्षक सीटों पर पहले राउंड में ही इतनी बढ़त बना ली जिसे पाटकर जीत की तरफ बढ़ना फिलहाल दूसरे उम्मीदवार के लिए बहुत आसान नहीं दिखाई देता। मेरठ में शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद्र शर्मा ने ओमप्रकाश शर्मा को एक तरह से पराजित कर दिया है केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। बरेली-मुरादाबाद सीट पर भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने सपा के संजय मिश्र और शिक्षक संघ शर्मा गुट के सुभाष चंद्र शर्मा को परास्त किया है। आगरा में चार बार से शर्मा गुट से ही शिक्षक एमएलसी चुने जा रहे जगवीर किशोर जैन की जीत का रास्ता भी मुश्किल दिखाई दे रहा है। हालांकि जानकारी के अनुसार यहां अभी भाजपा और एक निर्दलीय उम्मीदवार आकाश के बीच काफी कडी टक्कर हो रही है। जीत किसी की भी हो सकती है। लखनऊ में उमेश द्विवेदी ने डॉ. आर.पी. मिश्र को शिकस्त देने की स्थिति बना ली है। वाराणसी में सपा समर्थित लालबिहारी की जीत सुनिश्चित दिख रही है तो गोरखपुर-अयोध्या सीट पर निर्दलीय अजय सिंह और शर्मा गुट के ध्रुव कुमार त्रिपाठी में काफी कड़ा मुकाबला है।