स्थान का अभाव झेल रहे किंग जाॅर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय को 2.5 एकड़ जमीन का कब्जा मिल गया है। यह जमीन वर्ष 2023 में यह जमीन केजीएमयू को देने पर सहमति बनी थी। कागजी कार्रवाई पूरी न होने की वजह से अभी तक संस्थान को कब्जा नहीं मिल पाया था।
केजीएमयू प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के सामने स्थित संस्कृत भवन और राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के हॉस्टल के पास की जमीन का कब्जा संस्थान को मिल गया है। संस्कृत भवन स्थल पर कुल .7 एकड़ जमीन है। वहीं राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के हॉस्टल के पास 1.8 एकड़ भूमि मिली है। यहां कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल खोलने की योजना है। यहां बैचलर ऑफ रेडियोथेरेपी, बैचलर ऑफ एक्स-रे टेक्नीशियन, अप्थलोमोलॉजी, ओटी टेक्नीशियन, फिजियोथेरेपी समेत दूसरे बैचलर कोर्स चलाए जाएंगे। वहीं संस्कृत भवन वाले स्थान पर पार्किंग बनाने की योजना है। इससे केजीएमयू परिसर में पार्किंग की समस्या कुछ कम होगी।
जल्द मिलेगी चार एकड़ जमीन
केजीएमयू को अभी राजकीय कन्या इंटर काॅलेज शहमीना रोड की जमीन भी मिलनी है। यह जमीन करीब चार एकड़ है। इसके लिए कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। राजकीय कन्या इंटर काॅलेज का नया भवन बनने के बाद केजीएमयू इसका कब्जा ले लेगा। इस जमीन पर मरीजों के लिए वार्ड बनाने की योजना है।