मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि कोविड अस्पतालों में 48 घंटे के बैकअप के साथ ऑक्सीजन की उपलब्धता बनाए रखी जाए। ऑक्सीजन प्लांट पूरी क्षमता के साथ चलाए जाएं। ऑक्सीजन की कालाबाजारी हर हाल में रोकी जाए। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभी कोविड अस्पतालों में पीपीई किट, मास्क, ग्लव्ज, सैनिटाइजर व जरूरी दवाइयां उपलब्ध रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को अपने सरकारी आवास पर उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों को को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कृतसंकल्प है।
संक्रमण से बचाव व उपचार के लिए राज्य सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। कोविड-19 से बचाव के लिए पूरी सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के प्रति जागरूकता के लिए पुलिस व प्रशासन मिलकर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से अभियान चलाएं।
मास्क न पहनने वालों के प्रति सद्भावना के साथ प्रवर्तन की कार्रवाई की जाए। प्रदेश में कोविड-19 के टेस्ट की संख्या 75 लाख से अधिक होने पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि लगातार अधिक से अधिक टेस्ट किए जाएं। जितने अधिक टेस्ट किए जाएंगे, कोरोना संक्रमण के प्रसार पर उतना ही प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।