नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सफाई, रोशनी और अन्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वे रविवार को कांवड़ मार्गों पर निकायों की तरफ से की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।
वर्चुअल समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर अव्यवस्था की कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न होने पाए। मार्गों पर कहीं पर भी गंदगी न होने पाए और न ही रोशनी का अभाव रहे।
विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, लाइन जर्जर और पोल झुके हुए नहीं होने चाहिए। खंभों की अर्थिंग भी चेक करवाएं। जहां कहीं पर भी सड़क किनारे लाइन नीचे हो या सड़क के पास हो वहां पर सावधानी के बोर्ड भी लगाएं। कांवड़ मार्गों के शिविरों को समय से विद्युत कनेक्शन दें।
श्रद्धालुओं को बीमारियों से बचाने के लिए चूना, ब्लीचिंग पाउडर और दवा का छिड़काव करें। शिवालयों के पास मोबाइल टॉयलेट बनाएं। सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों में भी पर्याप्त सफाई सुनिश्चित करें। कांवड़ मार्गों पर निराश्रित पशु नहीं दिखने चाहिए, इनका उचित प्रबंधन करें। मंत्री ने कंट्रोल रूम बनाने और जलाभिषेक के वक्त निर्बाध बिजली आपूर्ति के भी निर्देश दिए हैं।